1

स्वाद, सुगंध और आमदनी का बेहतर संगम : मेथी की वैज्ञानिक खेती

मेथी सिर्फ स्वाद और सुगंध बढ़ाने वाला मसाला नहीं, बल्कि पौष्टिकता, औषधीय गुणों और अच्छी बाजार मांग वाली महत्वपूर्ण फसल है। हरे साग से लेकर मसाले, अचार, चटनी और नमकीन तक में मेथी का खूब उपयोग होता है। वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर किसान मेथी की खेती सेउत्पादन एवं आमदनी दोनों बढ़ा सकते हैं।

इसकी हरी पत्तियों की खुशबू भोजन का स्वाद बढ़ाती है, जबकि मेथी के दानों का उपयोग सब्जी, दाल, कढ़ी, अचार, चटनी और विभिन्न व्यंजनों में मसाले के रूप में किया जाता है। इन्ही खूबियों के कारण मेथी को मसालों की रानी कहा गया है।

कम अवधि में तैयार होने तथा विभिन्न रूपों में उपयोग होने के कारण मेथी किसानों के लिए एक बेहद लाभकारी फसल है। यदि किसान इसकी खेती उन्नत किस्मों, संतुलित पोषण, उचित सिंचाई और वैज्ञानिक नजरिए से करें, तो बेहतर उत्पादन और आमदनी प्राप्त हो सकती है।  

मेथी का औषधीय महत्व और उपयोग :

  • फाइबर, सैपोनिन, फ्लेवोनॉयड्स, ट्रिगोनेलिन और 4-hydroxyisoleucine जैसे जैव सक्रिय तत्वों से भरपूर मेथी स्वाद के साथ स्वास्थ्य के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
  • मेथी को परंपरागत चिकित्सा में उपयोगी औषधीय पौधे के रूप में भी जाना जाता है। इसके बीज और हरी पत्तियों में कई ऐसे गुण पाए जाते हैं, जिनके कारण आयुर्वेदिक एवं घरेलू चिकित्सा में उपयोग होता है।
  • मेथी वात और कफ संबंधी विकारों को कम करने, पाचन तंत्र को बेहतर बनाने तथा शरीर को पोषण प्रदान करने में उपयोगी मानी जाती है। इसे भूख बढ़ाने वाली, पाचक और गर्म प्रकृति प्रकृति की होती है। मेथी के सेवन का उल्लेख कृमि, पेट दर्द, कमर दर्द और सामान्य शारीरिक पीड़ा जैसी समस्याओं में भी मिलता है।
  • मेथी की हरी पत्तियों का साग पाचन के लिए लाभकारी माना जाता है और पारंपरिक रूप से कब्ज जैसी समस्या में इसके सेवन की सलाह दी जाती रही है। वहीं, मेथी के आटे का दही के साथ सेवन भी लोक चिकित्सा में पाचन संबंधी समस्याओं के लिए किया जाता रहा है।

उपयुक्त जलवायु : मेथी ठंडे मौसम की फसल है। पौधों की अच्छी बढ़वार के लिए लम्बे ठंडे मौंसम की आवश्यकता होती है। सामान्यतः यह रबी मौसम की फसल है, लेकिन दक्षिण भारत में इसको खरीफ मौसम में उगाया जाता है। मेथी की फसल पाले के प्रति सहनशील होती है।

  • तापमान : अंकुरण के लिए लगभग 20–25°C  तथा फसल की अच्छी वृद्धि के लिए 15–25°C तापमान उपयुक्त रहता है।
  • ठंडी जलवायु : ठंडा मौसम पत्तियों की अच्छी वृद्धि और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए अनुकूल होता है।
  • वर्षा: मेथी को अधिक वर्षा की आवश्यकता नहीं होती। लगभग 30–50 सेमी वर्षा पर्याप्त मानी जाती है।
  • नमी : अत्यधिक नमी और जलभराव से फसल को नुकसान हो सकता है।
  • पाला : अत्यधिक पाला फसल की वृद्धि को प्रभावित कर सकता है।
  • प्रकाश : पर्याप्त धूप वाली स्थिति में मेथी की वृद्धि एवं उपज अच्छी होती है।
chatgpt image aug 20, 2026, 08 35 32 pm

मेथी की उन्नत किस्में :

 मेथी को दो भागों में बाटा गया है देशी मेथी और कसूरी मेथी। देशी मेथी के पौधे शीघ्र व सीधे बढ़ते हैं। पत्तिया लम्बी होती हैं। कसूरी मेथी के पौधे धीरे-धीरे व गुच्छे में बढ़ते हैं। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली से पूसा अर्ली बंचिग, कसूरी मेथी, टाइप-226 एवं सी.एस.-926 आदि उन्नत किस्मों का विकास किया गया है। इसके अतिरिक्त राजेन्द्र क्रान्ति, राजस्थान मेथी-1, राजस्थान मेथी-143, राजस्थान मेथी-303, राजस्थान मेथी-305, कोयम्बटूर-1, प्रभा, बरबरा, हिसार मेंथी-346, हिसार मेथी-350, जी.एफ.-1, हिसार सोनाली आदि मेथी की उन्नत किस्में हैं।

प्रमुख उन्नत किस्में और उनकी खूबियां :

  • पूसा अर्ली बंचिंग – जल्दी तैयार होने वाली, पत्तियों के लिए अच्छी।
  • पूसा कसूरी – कसूरी मेथी के लिए प्रसिद्ध, सुगंधित एवं स्वादिष्ट पत्तियाँ।
  • पूसा चेतकी – अच्छी पत्ती उत्पादन क्षमता वाली किस्म।
  • आरएमटी-1 – दाना एवं पत्ती दोनों के लिए उपयोगी।
  • आरएमटी-305 – अधिक उत्पादन क्षमता वाली, दाने के लिए उपयुक्त।
  • राजेंद्र क्रांति – अच्छी उपज एवं गुणवत्ता वाली किस्म।
  • को-1 (CO-1) – पत्तियों के उत्पादन के लिए उपयोगी।
  • हिसार सुगंधा – सुगंधित पत्तियों वाली किस्म, कसूरी मेथी के लिए उपयुक्त।

किसानों के लिए चयन : यदि उद्देश्य हरी मेथी है तो पूसा अर्ली बंचिंग और पूसा चेतकी अच्छी मानी जाती हैं, जबकि कसूरी मेथी के लिए पूसा कसूरी विशेष रूप से लोकप्रिय है।

उपयुक्त मिट्टी : मेथी की खेती के लिए जीवांश युक्त दोमट भूमि सर्वोत्तम होती है। लेकिन उचित जल निकास वाली रेतीली दोमट मिट्टी में भी इसकी खेती अच्छी तरह की जा सकती है। ऐसी भूमि जिसका पी.एच. मान 6 से 7.5 हो उसमें मेथी की खेती अच्छी तरह से की जा सकती है। मेथी की फसल से अधिक उत्पादन लेने के लिए अच्छे जल निकास वाली समतल भूमि का चुनाव करना चाहिए।

खेत की तैयारी कैसे करें : खेत की तैयारी के लिए पहली जुताई मिट्टी पलट हल से करने के बाद हैरो हल चलाकर मिट्टी को अच्छी तरह भुरभुरा बना लेना चाहिए। इसके बाद पाटा चलाकर खेत को सममतल कर देना चाहिए।

मेथी की बुवाई का सही समय :

मेथी की बुवाई मुख्य रूप से रबी मौसम में की जाती है।

  • मैदानी क्षेत्रों में : अक्टूबर से नवंबर तक बुवाई उपयुक्त रहती है।
  • सबसे अच्छा समय : अक्टूबर के मध्य से नवंबर के प्रथम सप्ताह तक।
  • हरी मेथी के लिए : सितंबर के अंत से नवंबर तक कई चरणों में बुवाई की जा सकती है।
  • बीज उत्पादन के लिए : अक्टूबर–नवंबर में समय पर बुवाई करना बेहतर रहता है।
  • बहुत देर से बुवाई करने पर पौधों की वृद्धि और बीज उत्पादन प्रभावित हो सकता है।

बीज की मात्रा : देशी मेथी का 20 से 25 किलाग्राम बीज प्रति हेक्टेयर एवं कसूरी मेथी का 15 किलाग्राम बीज प्रति हेक्टेयर की दर से बुआई करनी चाहिए। बीज को बुआई से पूर्व राईजोबियम मेलोलोरी कल्चर से उपचारित करके बोना चाहिए।

बुआई का तरीका : मेथी की बुआई दो प्रकार से की जाती है। पहली-सममतल खेत में छिटकवा बुआई, दूसरा-कतारों में बुआई। छिटकवा बुआई करने से उत्पादन कम मिलता है। पौधों की दूरी निष्चित न होने के कारण कषर्ण क्रियाएं करने में भी दिक्कत आती है। अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए मेथी की बुआई कतारों में करनी चाहिए। इसके लिए कतार से कतार की दूरी 20 से 25 सेमीं तथा पौध से पौध की दूरी 10 सेमी. रखनी चाहिए। देशी मेथी के बीज का अंकुरण बुआई के बाद 5-6 दिनों बाद तथा कसूरी मेथी का 7-8 दिनों बाद होता हे।

खाद एवं उर्वरक प्रबंधन : अच्छी तरह सड़ी हुई 250-300 कुन्तल गोबर या कम्पोस्ट की खाद को बुआई एक माह पूर्व खेत में डालकर मिट्टी पलट हल से जुताई करके मिला देना चाहिए। इसके अतिरिक्त रासायनिक उर्वरकों में नाईट्रोजन 40 किलोग्राम, फास्फोरस 40 किलोग्राम व 20 पोटाष किलोग्राम प्रति हैक्टेयर की दर से देना चाहिए। फास्फोरस और पोटाष की पूरी मात्रा अंतिम जुताई के समय खेत में डालकर मिट्टी में मिला देना चाहिए। शेष बची हुई नाईट्रोजन की मात्रा को खड़ी फसल में दो बार में टापड्रेसिंग के रूप में हर कटाई बाद देना चाहिए।

मेथी की सिंचाई : अच्छे अंकुरण के लिए मिट्टी में पर्याप्त नमी का होना बहुत आवष्यक होता है। यदि खेत में नमी कम हो तो बुआई के तुरन्त बाद एक हल्की सिंचाई करनी चाहिए। इसके बाद फसल में फूल आते समय,  फलिया बनते समय व दाना बनते समय विषेष रूप से सिंचाई करनी चाहिए। सामान्यतः  7-10 दिन के अन्तराल में आवश्यकतानुसार सिंचाई करते रहना चाहिए।

मेथी में निकाई-गुड़ाई और मिट्टी चढ़ाना : अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए फसल में आवश्यकतानुसार  निकाई-गुड़ाई करते रहना चाहिए। निकाई-गुड़ाई करने से खरपतवारों का नियंत्रण होने के साथ-साथ मृदा में वायु संचार बढ़ जाता है। जिससे फसल की बढ़वार अच्छी होती है। मेथी की फसल में गुडाई का कार्य दूसरी सिंचाई के बाद ओट आने पर करना चाहिए।

7

फसल सुरक्षा :  

पत्ता रोग : यह रोग सर्कोस्पोरा ट्रेवरसियाना कवक व्दारा फैलता है। इस रोग के प्रकोप से षुरू में छोटे भूरे वृत्ताकार धब्बे बनते हैं, जो प्रारम्भ की अवस्था में एक दूसरे से भिन्न होते हैं। रोग बढ़ने पर बडे़ धब्बे का आकार धारण कर लेते हैं। इसके नियंत्रण के लिए ब्लाईआस्क-50 नामक दवा का 0.3 प्रतिषत का घोल बनाकर बनाकर छिड़काव करना चाहिए। दवा के छिड़काव के पूर्व पत्तियों की कटाई कर लेना चाहिए। फसल में दवा के छिड़काव के 7-8 दिन बाद तक पत्तियों की कटाई नही करनी चाहिए।

मृदुरोमिल फफॅूदी : यह रोग पेरोनास्पोरा ट्राइगोनेल्ली नामक कवक से होता है। इस रोग के प्रकोप से शुरूआत में निचली सतह पर मृदुरोमित के रूप में फैलता है। अधिक प्रकोप की अवस्था में पत्तियाॅ पीली पड़कर झड़ने लगती हैं। पौधों का विकास रूक जाता है। इस रोग के नियंत्रण के लिए फसल पर 20-25 किग्रा. प्रति हैक्टेयर की दर से गंधक के चूर्ण का बुरकाव करना चाहिए।

चूर्णी फफॅूदी : यह रोग एरीसाइफी पालगोनी नामक कवक से फैलता है। इस रोग से प्रभावित पत्तियों के उपर सफेद रंग का चूर्ण जैसा प्रदार्थ दिखाई देता है। इसके नियंत्रण के लिए कैराथेन नामक दवा की 0. 1 प्रतिषत का छिड़काव करना चाहिए या फिर फसल पर 15-25 किग्रा. प्रति हैक्टेयर की दर से गंधक के चूर्ण का बुरकाव करना चाहिए।

एफिड़ : एफिड का प्रकोप पत्ती की फसल पर नही होता हे। इससे मुख्यतः मेथी की बीज वाली फसल प्रभावित होती है। यह कीट पत्तियों, फलियों एवं अन्य भागों से रस चूस कर पौधे को हानि पहुचाते हैं। इस कीट नियंत्रण के लिए डाईमेथेएट-30 ई.सी. छिड़काव करना चाहिए। दवा छिड़काव के 10 दिन तक पत्तियों को खानें के लिए प्रयोग में नही लाना चाहिए।

कटाई : आमतौर पर फसल की बुआई के 4 सप्ताह बाद पहली कटाई की जाती है। पहली कटाई में पौधों को मिट्टी की सतह से काफी नजदीक से करनी चाहिए। बाद में 15 दिन के अन्तराल पर कटाई करनी चाहिए। बीजोत्पादन के लिए 2-3 कटाईयों के बाद कटाई का काम बंद कर देना चाहिए। कसूरी किस्म की फसल की 5-6 कटाइया करने के उपरान्त फसल को बीजोत्पादन के लिए छोड़ देना चाहिए। मेथी की कटाई के बाद छोटे-छोटे बंडल बनाकर बाजार में बिक्री के लिए भेजना चाहिए।

मेथी का उत्पादन : मेथी का उत्पादन फसल की उचित देख-रेख, मिट्टी की उर्वरा शक्ति, प्रजातियों का चयन एवं तकनीक पर निर्भर करता है। देशी मेथी से लगभग 70-80 कुन्तल व कसूरी मेथी से 90-100 कुन्तल तक हरे साग का उत्पादन आसानी से हो जाता है। मेथी की फसल को बिना कटाई किए बढ़ने दिया जाय तो बीज का उत्पादन अधिक प्राप्त होता है। बीजोत्पादन के लिए उगाई गई सामान्य फसल से 15-20 कुन्तल व कसूरी मेथी से 7.5 कुन्तल प्रति हेक्टेयर बीज प्राप्त होता है। दोहरे प्रयोजन से उगाई गई  मेथी की फसल से लगभग 2.5 कुन्तल व कसूरी मेथी से 1.5 कुन्तल प्रति हेक्टेयर बीज प्राप्त होता है। बीजोत्पादन के लिए उगाई गई देषी मेथी की फसल 155 दिनों में एवं कसूरी मेथी 165 दिनों में तैयार हो जाती है।

4

मेथी की खेती में लागत और आय

मेथी की वैज्ञानिक खेती : एक हेक्टेयर में आय एवं व्यय का अनुमान

मेथी की खेती में लागत और आय किस्म, उत्पादन, सिंचाई, मजदूरी तथा स्थानीय बाजार भाव के अनुसार बदलती है। नीचे एक हेक्टेयर के लिए एक व्यावहारिक अनुमान दिया गया है।

मदअनुमानित लागत (₹)
खेत की तैयारी8,000
बीज (25–30 किग्रा)4,000
जैविक खाद/गोबर की खाद10,000
उर्वरक एवं सूक्ष्म पोषक तत्व6,000
बुवाई एवं मजदूरी5,000
सिंचाई6,000
निराई-गुड़ाई8,000
कीट एवं रोग प्रबंधन3,000
कटाई एवं श्रम12,000
सफाई, ग्रेडिंग एवं पैकिंग5,000
परिवहन एवं अन्य खर्च5,000
कुल अनुमानित लागत₹72,000

अनुमानित आय :

एक हेक्टेयर में हरी मेथी + बीज उत्पादन से संभावित आय

यदि फसल की शुरुआती अवस्था में 2–3 बार हरी पत्तियों की कटाई करके बाजार में बेची जाए और बाद में शेष फसल को बीज के लिए छोड़ दिया जाए, तो किसान को दो स्रोतों से आय प्राप्त हो सकती है।

आय का स्रोतअनुमानित उत्पादनऔसत बिक्री मूल्यअनुमानित सकल आय
हरी मेथी50–70 क्विंटल₹15–20/किग्रा₹75,000–₹1,40,000
मेथी बीज15–20 क्विंटल₹8,500–₹10,500/क्विंटल₹1,27,500–₹2,10,000
कुल संभावित सकल आय——₹2,02,500–₹3,50,000

यदि कुल उत्पादन लागत लगभग ₹72,000 /हेक्टेयर मानें, तो किसान को लगभग ₹1.30–₹2.78 लाख/हेक्टेयर शुद्ध आय प्राप्त हो सकती है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्  : (FAQ)

प्रश्न 1. मेथी की खेती के लिए कौन-सी जलवायु उपयुक्त होती है?
उत्तर: मेथी ठंडी एवं शुष्क जलवायु में अच्छी वृद्धि करने वाली फसल है। इसकी अच्छी बढ़वार के लिए लगभग 15–25°C तापमान उपयुक्त रहता है। उत्तर भारत में इसकी खेती मुख्यतः रबी मौसम में की जाती है।

प्रश्न 2. मेथी की बुवाई कब करनी चाहिए?
उत्तर: उत्तर भारत में मेथी की बुवाई सामान्यतः अक्टूबर से नवंबर के बीच करनी चाहिए। समय पर बुवाई करने से हरी पत्तियों और बीज की अच्छी उपज प्राप्त होती है।

प्रश्न 3. मेथी की खेती के लिए कैसी मिट्टी उपयुक्त होती है?
उत्तर: जीवांशयुक्त, उपजाऊ एवं अच्छी जल निकास वाली दोमट मिट्टी मेथी की खेती के लिए सबसे उपयुक्त होती है। लगभग 6.0–7.5 pH वाली मिट्टी में इसकी अच्छी खेती की जा सकती है।

प्रश्न 4. मेथी की प्रमुख उन्नत किस्में कौन-सी हैं?
उत्तर: पूसा अर्ली बंचिंग, पूसा कसूरी, पूसा चेतकी, राजेंद्र क्रांति, राजस्थान मेथी-1, राजस्थान मेथी-305, हिसार मेथी तथा कोयम्बटूर-1 आदि प्रमुख किस्में हैं।

प्रश्न 5. एक हेक्टेयर में मेथी का कितना बीज लगता है?
उत्तर: सामान्य मेथी के लिए लगभग 20–25 किलोग्राम बीज प्रति हेक्टेयर तथा कसूरी मेथी के लिए लगभग 15 किलोग्राम बीज प्रति हेक्टेयर की आवश्यकता होती है।

प्रश्न 6. मेथी की बुवाई किस दूरी पर करनी चाहिए?
उत्तर: मेथी की बुवाई कतारों में करना अधिक लाभकारी है। कतार से कतार की दूरी 20–25 सेमी तथा पौधों के बीच लगभग 10 सेमी दूरी रखना उचित रहता है।

प्रश्न 7. मेथी में सिंचाई कब करनी चाहिए?
उत्तर: अंकुरण के समय खेत में पर्याप्त नमी रहनी चाहिए। इसके बाद मौसम एवं मिट्टी की स्थिति के अनुसार सिंचाई करें। फूल आने, फलियां बनने और दाना बनने की अवस्था में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए।

प्रश्न 8. मेथी की पहली कटाई कब की जाती है?
उत्तर: हरी मेथी के लिए सामान्यतः बुवाई के लगभग 4 सप्ताह बाद पहली कटाई की जा सकती है। इसके बाद लगभग 15 दिन के अंतराल पर आवश्यकतानुसार कटाई की जाती है।

प्रश्न 9. क्या मेथी से हरी पत्तियों और बीज दोनों का उत्पादन किया जा सकता है?
उत्तर: हाँ, मेथी की दोहरे प्रयोजन वाली खेती की जा सकती है। प्रारंभिक अवस्था में हरी पत्तियों की कटाई करने के बाद फसल को बीज उत्पादन के लिए छोड़ा जाता है। हालांकि अधिक कटाई करने पर बीज उत्पादन कम हो सकता है।

प्रश्न 10. एक हेक्टेयर में मेथी की हरी पत्तियों की कितनी उपज प्राप्त होती है?
उत्तर: उचित प्रबंधन में सामान्य मेथी से लगभग 70–80 क्विंटल तथा कसूरी मेथी से लगभग 90–100 क्विंटल प्रति हेक्टेयर हरी पत्तियों की उपज प्राप्त हो सकती है।

प्रश्न 11. मेथी का बीज उत्पादन कितना होता है?
उत्तर: बिना कटाई के बीज उत्पादन के लिए उगाई गई सामान्य मेथी से लगभग 15–20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तथा कसूरी मेथी से लगभग 7.5 क्विंटल प्रति हेक्टेयर बीज प्राप्त हो सकता है।

प्रश्न 12. मेथी की फसल में प्रमुख कीट कौन-सा है?
उत्तर: एफिड या चेपा मेथी की बीज वाली फसल का प्रमुख कीट है। यह पत्तियों, फलियों एवं कोमल भागों से रस चूसकर पौधे को नुकसान पहुंचाता है।

प्रश्न 13. हरी मेथी और कसूरी मेथी में क्या अंतर है?
उत्तर: हरी मेथी मुख्यतः ताजी पत्तियों के लिए उगाई जाती है, जबकि कसूरी मेथी की पत्तियों को सुखाकर मसाले के रूप में भी उपयोग किया जाता है। कसूरी मेथी अपनी विशेष सुगंध और स्वाद के कारण अधिक लोकप्रिय है।

नोट  : यदि आपको यह जानकारी उपयोगी लगी हो, तो इसे अन्य किसान भाइयों के साथ जरूर साझा करें और खेती से जुड़ी वैज्ञानिक और सही जानकारी के लिए हमारी वेबसाइट https://khetikibaate.com नियमित रूप से पढ़ते रहें।

Similar Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *